मुंबई : भारत के प्रमुख निजी क्षेत्र के बैंक, एक्सिस बैंक (Axis Bank) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट बैंगलोर (IIMB) ने आईआईएमबी के नए कैंपस में ‘एक्सिस बैंक सेंटर ऑफ इकोनॉमिक्स’ की स्थापना के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस सेंटर की स्थापना बेंगलुरु के जिगानी स्थित ‘आईआईएमबी दोराबजी टाटा स्कूल ऑफ अंडरग्रेजुएट स्टडीज़’ के ‘इंटीग्रेटेड एकेडमिक एंड एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक’ में की जाएगी।
यह सेंटर पूरे संस्थान के लिए प्रमुख शैक्षणिक और अनुसंधान सुविधा के रूप में काम करेगा। एक्सिस बैंक इस साझेदारी के तहत सेंटर के बुनियादी ढांचे, संकाय (फैकल्टी) विकास, अनुसंधान गतिविधियों और मेधावी व जरूरतमंद छात्रों के लिए छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) में वित्तीय व तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।
एमओयू पर हस्ताक्षर समारोह एक्सिस बैंक के मुंबई स्थित मुख्यालय ‘एक्सिस हाउस’ में आयोजित किया गया। इस अवसर पर आईआईएम बैंगलोर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरपर्सन डॉ. देवी प्रसाद शेट्टी, एक्सिस बैंक के एमडी व सीईओ अमिताभ चौधरी, आईआईएमबी के डायरेक्टर-इन-चार्ज प्रो. यू. दिनेश कुमार और एक्सिस बैंक के ग्रुप हेड (सीएसआर व सस्टेनेबिलिटी) विजय मुलबागल उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि आईआईएम दोराबजी टाटा स्कूल ऑफ अंडरग्रेजुएट स्टडीज़ ने अगस्त 2026 में अपने पहले बैच का शुभारंभ किया है, जहाँ डेटा साइंसेज़ और इकोनॉमिक्स में बी.एस. (ऑनर्स) प्रोग्राम के लिए 12,000 आवेदकों में से 80 छात्रों का चयन किया गया है। इनमें से 40 छात्र ‘एक्सिस बैंक सेंटर ऑफ इकोनॉमिक्स’ के तहत डेटा साइंसेज़ में माइनर के साथ अर्थशास्त्र की पढ़ाई करेंगे।
