विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर सेवा, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Spread the love

एम.पी. फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने मरीजों को बांटे फल, अस्पताल परिसर में किया पौधारोपण; नुक्कड़ नाटक से नशामुक्ति का दिया संदेश

देवरीकला-: विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर एम.पी. फार्मासिस्ट एसोसिएशन द्वारा सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। संभागीय अध्यक्ष श्री अमित तिवारी के नेतृत्व में नगर के मेडिकल संचालकों एवं फार्मासिस्टों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी, शिक्षाविद एवं बीकेपी कॉलेज के संचालक डॉ. अवनीश मिश्रा एवं ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. पूजा परमार रहीं। उन्होंने फार्मासिस्टों एवं मेडिकल संचालकों के सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

फार्मासिस्टों का किया सम्मान

विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर अस्पताल परिसर में उपस्थित फार्मासिस्टों का सम्मान किया गया। अतिथियों एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने फार्मासिस्टों को उनके स्वास्थ्य सेवा में योगदान के लिए सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर फार्मासिस्टों की समाज और मरीजों के प्रति जिम्मेदारी तथा स्वास्थ्य जागरूकता में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया।

अस्पताल परिसर में पौधारोपण

फल वितरण के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित शिव मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आयोजन में बीकेपी फार्मेसी कॉलेज के विद्यार्थी एवं स्टॉफ ने भी सक्रिय सहभागिता की।

नुक्कड़ नाटक से नशामुक्ति का संदेश

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त समाज की आवश्यकता को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। फार्मेसी के विद्यार्थियों ने प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर एम.पी. फार्मासिस्ट एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष अमित तिवारी, मनोज रजक, राजेश प्यासी, हृदेश हजारी, अरिहंत जैन, जगदीश पटेल ‘जग्गी’, महेंद्र सेन, राहुल पटेल, भूपेंद्र ठाकुर ‘बंटू’ सहित नगर के फार्मासिस्ट, मेडिकल संचालक, बीकेपी कॉलेज के विद्यार्थी एवं स्टॉफ उपस्थित रहे।
सेवा, स्वास्थ्य, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने वाला यह आयोजन विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर सामाजिक सरोकारों का सार्थक संदेश बनकर सामने आया।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *