गुरुग्राम : एअर इंडिया ने आज पंजाब के लुधियाना (हलवारा) हवाई अड्डे से अपनी कमर्शियल उड़ान सेवाओं का आगाज़ कर दिया है। इसी के साथ एअर इंडिया इस नए एयरपोर्ट पर परिचालन शुरू करने वाली देश की पहली एयरलाइन बन गई है। यह सेवा लुधियाना को सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोड़ती है, जहाँ से यात्री एअर इंडिया के वैश्विक नेटवर्क के जरिए दुनिया भर के गंतव्यों तक पहुँच सकेंगे।
आज सुबह दिल्ली से रवाना हुई पहली उड़ान ने 07:03 बजे हलवारा एयरपोर्ट पर लैंड किया, जबकि लुधियाना से वापसी की उड़ान सुबह 08:00 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। कंपनी इस रूट पर अपने आधुनिक ए320 (A320) विमानों का उपयोग करेगी और प्रतिदिन दो उड़ानों का संचालन किया जाएगा।
अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा इन उड़ानों का समय इस तरह से तय किया गया है कि लुधियाना से आने वाले यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन, पेरिस, बर्मिंघम, रोम और मिलान जैसे बड़े अंतर्राष्ट्रीय शहरों के लिए तुरंत कनेक्टिंग फ्लाइट मिल सके। यात्रियों की सुविधा के लिए एअर इंडिया ने ‘सिंगल टिकट’ और ‘सिंगल बैगेज चेक-इन’ की व्यवस्था की है, जिससे उन्हें दिल्ली में दोबारा सामान चेक-इन करने की ज़रूरत नहीं होगी। इसके अलावा, दिल्ली एयरपोर्ट पर घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के बीच ट्रांज़िट के लिए यात्रियों को एक ही टर्मिनल का उपयोग करने की सुविधा मिलेगी।
बुकिंग और उपलब्धता लुधियाना (हलवारा) के लिए उड़ानों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। यात्री एअर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अपने नजदीकी ट्रैवल एजेंट के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। लुधियाना से हवाई सेवा शुरू होने से न केवल व्यापारिक गतिविधियों को बल मिलेगा, बल्कि विदेशों में रहने वाले प्रवासी भारतीयों (NRIs) के लिए भी अपने घर पहुँचना अब काफी आसान और आरामदायक हो जाएगा।
