भोपाल। गोंडवाना छात्र संघ की रैली के दौरान जनजाति समाज के प्रति कथित अभद्र भाषा के प्रयोग और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक ‘जोहार’ शब्द के अपमान के विरोध में मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स), जिला भोपाल द्वारा राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह जानकारी अजाक्स के जिला अध्यक्ष के.डी. राही ने मीडिया को दी।
के.डी. राही ने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 को गोंडवाना छात्र संघ की रैली के दौरान पुलिस निरीक्षक रतन सिंह परिहार एवं अन्य पुलिसकर्मियों पर जनजाति समाज के प्रति गाली-गलौज करने तथा सांस्कृतिक पहचान ‘जोहार’ शब्द का अपमान करने के आरोप लगाए गए हैं। संघ ने संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने बताया कि इसी मांग को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर, जिला भोपाल के माध्यम से सौंपा जाएगा। इस दौरान प्रदेश एवं जिला स्तर के संघ पदाधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
अजाक्स द्वारा ज्ञापन के माध्यम से संबंधित मामले में उचित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा जनजाति समाज की सांस्कृतिक पहचान और सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
