भटगांव उप पंजीयन कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार संबंधी समाचार प्रकाशित करने पर एक पत्रकार को संवैधानिक नोटिस भेजे जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर दबाव बनाने का प्रयास बताया जा रहा है।
इस संबंध में प्रिंट मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन (PMJA) के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा एवं सारंगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। संगठन ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया गया कि 18 जून को जिले के दौरे के दौरान मामले का संज्ञान लिया जाएगा तथा जांच के उपरांत जो भी उचित कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।
PMJA के राष्ट्रीय अध्यक्ष परवेज़ भारतीय ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारों को इस प्रकार नोटिस भेजकर डराने-धमकाने की कोशिश गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि क्या ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों को विभागीय संरक्षण प्राप्त है अथवा अपनी कथित नाकामियों और अनियमितताओं को छिपाने के लिए पत्रकारों पर दबाव बनाया जा रहा है।
वहीं, PMJA के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार साहू ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो संगठन पत्रकार हित में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
