भोपाल। शहर में शांति एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की मांग को लेकर आज थाना तलैया में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन कबीर खान एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी, भोपाल की ओर से दिया गया, जिसमें शहर में कथित रूप से नफरत फैलाने वाले भाषणों और भड़काऊ बयानों पर चिंता जताई गई।
ज्ञापन में कहा गया कि भोपाल, जो वर्षों से हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है, वहां कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। आवेदन में 22/03 और 25/03 की घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा आपत्तिजनक बयान और भड़काऊ नारेबाजी की गई, जिससे समाज में वैमनस्य फैलने की आशंका बनी।
प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और शहर का भाईचारा कायम रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजसेवी कबीर खान, पत्रकार आमिर अली रिज़वी, प्रोफेसर जुनैद, एडवोकेट साकिब, अमन भाई, मूसा भाई, ओवैज़ भाई, हसन भाई, तहसीन हाशमी सहित आदि मित्र मंडल के कई सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अपील की कि शहर की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर तत्काल सख्त कदम उठाए जाएं।
