केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस व स्वच्छता ही सेवा पर कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय, भोपाल द्वारा आज स्थानीय सरोजिनी नायडू उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस की पूर्वसंध्या पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत् विद्यार्थियों को स्वच्छता से संबंधित जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पत्र सूचना कार्यालय के निदेशक श्री मनीष गौतम ने कहा कि स्वतंत्रता के समय अंग्रेज हमें जो देश सौंप रहे थे, वह सैकड़ों देशी रियासतों में विभक्त था। उन सभी रियासतों का अपनी सूझबूझ और दृढ़ता से भारतीय संघ में विलय कर भारत की वर्तमान तस्वीर बनाने में भारत के पहले गृहमंत्री और उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहीं समझाईश से और कहीं सख्ती से अलग-अलग टुकड़ों में बँटे देश को एकरूप करने में अपनी सारी शक्ति लगा दी।

कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय संचार ब्यूरो के उपनिदेशक श्री शारिक नूर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सरदार पटेल के विचारों से प्रेरणा लेकर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि स्वच्छता भी देश सेवा का ही एक रूप है।

इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा संस्थान के सहायक प्राध्यापक श्री कुलवीरसिंह चौहान ने सरदार पटेल के जीवन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की प्रेरणा से सरदार पटेल वकालत छोड़कर देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ गए। बारडोली के सत्याग्रह का सफलतापूर्वक नेतृत्व करने के कारण उन्हें सरदार की उपाधि दी गई। उनके योगदान को स्मरण रखते हुए ही सरदार पटेल की दुनिया में सबसे ऊँची मूर्ति स्टेच्यू ऑफ यूनिटी की स्थापना की गई है।

कार्यक्रम में भोपाल नगर निगर के स्वच्छता एंबेसेडर श्रीमती रूचिका सचदेव और श्रीमती अंजिता सबलोक ने मनोरंजक तरीके से विद्यार्थियों को स्वच्छता का महत्व समझाया और उन्हें अलग-अलग प्रकार के कचरे के लिए अलग-अलग रंग की डस्टबीन के प्रयोग की विस्तार से जानकारी दी।

केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से इस अवसर पर निबंध, चित्रकला, स्लोगन और प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता का आयोजन कर विजेताओं को अतिथियों के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता तथा स्वच्छता की शपथ भी ली गई।

कार्यक्रम का संचालन विभाग के कलाकार श्री रितेश मिश्रा ने किया। आभार विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मालिनी वर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय की उपप्राचार्य श्रीमती विदुषी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में विद्यालय के शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *