भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा 22-23 सितंबर 2026 को ‘‘जल एवं सीवेज हेतु स्टील पाइप — विशिष्टि’ (IS 3589 : 2001) एवं स्पाइरल वेल्डेड पाइप — विशिष्टि (IS 5504 : 2025) के गुणवत्ता नियंत्रण कर्मियों के लिए दो दिवसीय कैप्सूल कोर्स का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम BIS, भोपाल शाखा कार्यालय, E-5, अरेरा कॉलोनी, भोपाल में आयोजित किया गया।
कोर्स का शुभारंभ श्री मोहम्मद तौसीफ, वैज्ञानिक–ई / निदेशक, BIS भोपाल शाखा कार्यालय के संबोधन से हुआ। श्री मोहम्मद तौसीफ ने कार्यक्रम के उद्देश्य, महत्व और गुणवत्ता नियंत्रण की आवश्यकता पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने बाज़ार से नमूने संग्रहण, फ़ैक्टरी सर्विलांस (FS) की आवृत्ति, BIS पोर्टल एवं वेबसाइट, BIS Care मोबाइल एप्लीकेशन, लाइसेंस प्रदान करने एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया, लाइसेंस के दायरे में परिवर्तन और BIS अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक प्रस्तुत कीं।
श्री संजय कुमार विश्वकर्मा, वैज्ञानिक – सी / उप निदेशक ने IS 3589:2001 एवं IS 5504:2025 भारतीय मानक, संशोधित उत्पाद मैनुअल और निरीक्षण एवं परीक्षण योजना (SIT) पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने परीक्षण मापदंड, नमूना परीक्षण की आवृत्ति और फॉर्म भरने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। इसके बाद उत्पाद गैर-अनुरूपता के कारणों और कारखाना निगरानी प्रक्रिया पर प्रस्तुति दी तथा भारतीय मानकों के सख्त अनुपालन पर बल दिया। बाद में उन्होंने बीआईएस लाइसेंस के समावेशन व नवीनीकरण की प्रक्रियाएँ, आवश्यक दस्तावेज़ और समय-सीमाएँ संक्षेप में समझाईं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एक व्यावहारिक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को वेलस्पन कॉर्प लिमिटेड (Welspun Corp. Ltd.), रायसेन प्रयोगशाला का दौरा कर स्टील पाइप्स के व्यावहारिक परीक्षण का प्रदर्शन दिखाया गया। इससे प्रतिभागियों को वास्तविक प्रक्रियाओं को समझने और उनके कार्य में गुणवत्ता सुधारने का मूल्यवान अनुभव प्राप्त हुआ।
यह कार्यक्रम गुणवत्ता नियंत्रकों के ज्ञानवर्धन और उत्पाद गुणवत्ता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
