शिकायत से समाधान तक: इंदौर यातायात पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ट्रैफिक साथी ऐप व हेल्पलाइन से मिल रही राहत

Spread the love

इंदौर शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। यातायात हेल्पलाइन एवं इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी टीमों तक पहुंचाकर उनका प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

यातायात पुलिस को प्राप्त शिकायतों में नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने, लंबे समय से लावारिस वाहन खड़े रहने तथा सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आवागमन बाधित होने जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। इन शिकायतों पर संबंधित वाहन मालिकों से संपर्क कर वाहन हटवाए गए, जबकि लावारिस वाहनों के मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थानों को सूचित किया गया।

इसी क्रम में खजूरी बाजार में यातायात बाधित होने की शिकायत पर संबंधित बीट को कार्रवाई के लिए भेजा गया। वहीं, गुरुद्वारे के सामने सड़क पर ऑटो रिक्शा खड़े होने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कराया गया।

दिनांक 25 अक्टूबर 2026 तक ट्रैफिक साथी ऐप पर कुल 1,922 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 1,597 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। शेष 325 शिकायतें नगरीय इंदौर क्षेत्र के बाहर की होने के कारण संबंधित क्षेत्रों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई हैं।

इंदौर यातायात पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा सड़क, गली, चौराहों एवं सार्वजनिक मार्गों पर अनावश्यक पार्किंग कर यातायात बाधित न करें।
यातायात संबंधी समस्या, गलत पार्किंग अथवा यातायात नियमों के उल्लंघन की सूचना यातायात हेल्पलाइन 7049107620 एवं इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के माध्यम से पुलिस तक पहुंचाएं। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी एवं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित की जा सकेगी।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *