भारत की सिविल न्यूक्लियर यात्रा में गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप का ऐतिहासिक योगदान; कलपक्कम के फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने हासिल की ‘क्रिटिकलिटी’

Spread the love

मुंबई: भारत के नागरिक परमाणु कार्यक्रम (Civil Nuclear Program) ने एक ऐसी बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जिसने देश को दुनिया के उन चुनिंदा देशों की कतार में खड़ा कर दिया है जिनके पास वाणिज्यिक फास्ट ब्रीडर रिएक्टर (PFBR) की क्षमता है। कलपक्कम स्थित इस रिएक्टर ने सफलतापूर्वक “क्रिटिकलिटी” हासिल कर ली है। इस ऐतिहासिक सफलता में गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के प्रिसिजन इंजीनियरिंग व्यवसाय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

स्वदेशी इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट प्रदर्शन गोदरेज ने इस रिएक्टर के लिए अत्यंत जटिल और रणनीतिक घटकों का निर्माण किया है, जिनमें शामिल हैं:

  • लार्ज और स्मॉल रोटेटिंग प्लग (LRP & SRP): करीब 120 टन वजन और 8 मीटर व्यास वाले ये विशाल प्लग रिएक्टर कोर में ईंधन डालने की प्रक्रिया को 360 डिग्री सटीकता प्रदान करते हैं।
  • सोडियम पंप शाफ्ट: 10 मीटर लंबा यह शाफ्ट तरल सोडियम के चुनौतीपूर्ण वातावरण में 500 RPM से अधिक गति पर काम करने के लिए बनाया गया है।

इन घटकों को भारत में पहली बार बिना किसी पूर्व घरेलू संदर्भ के डिजाइन किया गया, जो ‘फर्स्ट-टाइम-राइट’ (पहली बार में ही सटीक) इंजीनियरिंग का प्रमाण है।

ऊर्जा आत्मनिर्भरता और ‘नेट-जीरो’ की ओर कदम फास्ट ब्रीडर रिएक्टर की विशेषता यह है कि यह जितना ईंधन उपयोग करता है, उससे अधिक ईंधन उत्पन्न करने की क्षमता रखता है। भारत के पास दुनिया का सबसे बड़ा थोरियम रिजर्व (846,000 टन) है। पीएफबीआर का सफल संचालन भारत के तीन-चरण वाले परमाणु कार्यक्रम का वह महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो देश को जीवाश्म ईंधनों से मुक्त कर एक सुरक्षित, कम कार्बन और आत्मनिर्भर ऊर्जा भविष्य की ओर ले जाएगा।

भाविनी (BHAVINI) के साथ सफल साझेदारी इन सभी उच्च-प्रिसिजन कंपोनेंट्स की आपूर्ति भारतीय नाभिकीय विद्युत निगम लिमिटेड (भाविनी) को की गई है। इस परियोजना के दौरान गोदरेज की टीम ने विशेष बेयरिंग सिस्टम और भूकंपीय प्रतिरोधी गियर सिस्टम जैसी इंजीनियरिंग चुनौतियों को पार किया, जो पूरी तरह स्वदेशी समाधानों पर आधारित थे।

यह उपलब्धि न केवल भारत की परमाणु ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करती है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की उच्च-तकनीकी विनिर्माण (High-Tech Manufacturing) क्षमताओं का लोहा भी मनवाती है।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *