उज्जैन : निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) ने उज्जैन जिले के रामवासा गांव में अपनी नई शाखा की शुरुआत की है। यह रामवासा गांव में खुलने वाली किसी भी बैंक की पहली शाखा है। इस नई शाखा के साथ उज्जैन जिले में आईसीआईसीआई बैंक की कुल शाखाओं की संख्या बढ़कर 5 हो गई है, जबकि पूरे मध्य प्रदेश में बैंक का नेटवर्क 350 से अधिक शाखाओं और लगभग 430 एटीएम/कैश रिसाइक्लर मशीनों (CRM) तक पहुँच गया है।
इस नई शाखा में बचत व चालू खाते, एफडी, आरडी के साथ-साथ किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), कृषि उपकरण ऋण, होम लोन, पर्सनल लोन, ऑटो लोन और बिजनेस लोन जैसी व्यापक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शाखा का संचालन सोमवार से शुक्रवार (सुबह 9:30 से दोपहर 3:00 बजे) तथा महीने के पहले, तीसरे व पांचवें शनिवार को होगा। इसके अतिरिक्त, बैंक जल्द ही इस शाखा में टैब बैंकिंग सुविधा शुरू करेगा, जिसके माध्यम से बैंक कर्मचारी टैबलेट की मदद से ग्राहकों को उनके घर पर ही खाता खोलने और ई-स्टेटमेंट जैसी 100 से अधिक डिजिटल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करेंगे।
