करीब एक हजार मीटर लंबी गुफा से होकर माता के दर्शन कर रहे श्रद्धालु, नवरात्रि के पहले दिन से उमड़ रही भारी भीड़
देवरीकलां-:बाबा बेरीशाल की नगरी ग्राम बेलढाना में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर इस वर्ष भव्य दुर्गा पंडाल सजाया गया है। यहां नवदुर्गा समिति द्वारा एक ही पंडाल में 21 प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। आकर्षक सजावट और अनूठी झांकी के कारण यह पंडाल क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रतिमाओं के दर्शन के लिए नवरात्रि के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
समिति द्वारा तैयार की गई इस झांकी में श्रद्धालुओं के लिए करीब एक हजार मीटर लंबी गुफा बनाई गई है। श्रद्धालु इस गुफा से होकर गुजरते हुए एक ही स्थान पर स्थापित 21 प्रतिमाओं के दर्शन कर रहे हैं। झांकी की विशेष बनावट और धार्मिक माहौल लोगों को आकर्षित कर रहा है।
नवदुर्गा समिति बेलढाना के सदस्य बलदेव लोधी ने बताया कि समिति द्वारा हर वर्ष नवरात्रि पर विशेष आयोजन का प्रयास किया जाता है। इस वर्ष 21 प्रतिमाओं की स्थापना के साथ करीब एक हजार मीटर लंबी गुफा तैयार की गई है, ताकि श्रद्धालु एक अलग अनुभव के साथ माता के दर्शन कर सकें।
उल्लेखनीय है कि सागर जिले के गौरझामर स्थित प्रसिद्ध फूलबाग मैदान में पूर्व में लगातार चार वर्षों तक एक ही पंडाल के नीचे क्रमशः 51, 101, 151 और 201 प्रतिमाओं की स्थापना की जा चुकी है। इन आयोजनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे।
बेलढाना में इस वर्ष सजाई गई 21 प्रतिमाओं वाली झांकी भी क्षेत्र में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
