हकीमिया स्कूल में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस, मुख्य अतिथि तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने किया झंडा वंदन

Spread the love

बुरहानपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हकीमिया इंग्लिश मीडियम स्कूल, हकीमिया हिंदी मीडियम स्कूल एवं कादरिया नव निहाल उर्दू स्कूल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला उपस्थित रहे। स्कूल पहुंचने पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पुष्प देकर उनका स्वागत किया।

हकीमिया इंग्लिश मीडियम स्कूल में मुख्य अतिथि तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का उत्साह मनाया।

इस अवसर पर स्कूल के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 9वीं के छात्र फैजान कुरैशी ने वर्ष 2026 में जिला, संभाग एवं स्टेट लेवल की फ्रीस्टाइल कुश्ती प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज कर स्कूल का नाम रोशन किया। वहीं इस वर्ष फैजान कुरैशी, अफ्फान कुरैशी एवं सूफियान कुरैशी ने जिला स्तर की फ्रीस्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता में जीत हासिल की। मुख्य अतिथि तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने इन विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने कहा कि आजादी केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को समझने और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी नाम है। विद्यार्थी देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा के साथ अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी और देशप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश के विकास में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के साथ पेड़-पौधों की देखभाल और अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए लोगों को प्रेरित करना चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई तथा पर्यावरण का ध्यान रखने की जिम्मेदारी निभाए, तो हम अपने शहर और देश को और बेहतर बना सकते हैं।

हकीमिया हिंदी मीडियम स्कूल में भी हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस

हकीमिया हिंदी मीडियम स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने झंडा वंदन कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान के साथ देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया।

झंडा वंदन के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आजादी के पर्व का उत्साह मनाया। विद्यार्थियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह नजर आया और पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

मुख्य अतिथि तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी हमें अनेक बलिदानों के बाद मिली है। इसलिए हमें देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने के लिए हमेशा प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अपने आसपास साफ-सफाई रखने और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने की अपील की।

इसके बाद कादरिया नव निहाल उर्दू स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। मुख्य अतिथि तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम को संबोधित किया और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जरूरतमंद करीब 20 विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं स्कूल ड्रेस का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों का पुष्प देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अफरोज सर, जाकिर हुसैन बाबूजी, अब्बास सर, हुसैना मैडम, तिवारी मैडम, तबजील सर, नाईम सर, अज़हर सर सहित स्कूल के समस्त शिक्षकगण एवं अन्य अतिथिगण मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल रहा तथा विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से आजादी के महत्व का संदेश दिया।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *