भोपाल भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री राहुल कोठारी ने मध्य प्रदेश में महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में नारी सशक्तिकरण अब सिर्फ एक नारा बनकर नहीं रह गया है, बल्कि यह धरातल पर उतरता हुआ एक मजबूत संकल्प प्रतीत हो रहा है। राहुल कोठारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सराहना करते हुए कहा कि मैहर में माँ शारदा की पावन धरा से मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बहनों को 250 की शगुन राशि दी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर दी जा रही यह सौगात महिलाओं के प्रति सरकार के सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार हर क्षेत्र में महिलाओं के कल्याण के लिए अग्रणी भूमिका निभा रही है। महिला स्व-सहायता समूहों को निरंतर प्रोत्साहन और समर्थन दिया जा रहा है।प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कड़े और ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
रसोई गैस सिलेंडर के रिफिल की सुविधा से लेकर अन्य कल्याणकारी योजनाओं तक, महिलाओं की हर आवश्यकता का ध्यान रखा जा रहा है।
