नगर निगम मुख्यालय अटल भवन का घेराव कर कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन

Spread the love

भोपाल। मध्य प्रदेश शासकीय वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष साबिर खान के नेतृत्व में कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय अटल भवन का घेराव कर कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर महापौर एवं नगर निगम कमिश्नर के नाम ज्ञापन सौंपा।

अजाक्स कर्मचारी संघ, मध्य प्रदेश शासकीय वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी संघ, सफाई मजदूर कर्मचारी संघ, राष्ट्रीय सफाई मजदूर संघ एवं नगर निगम श्रमिक कर्मचारी संघ के संयुक्त आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

संयुक्त मोर्चे ने ज्ञापन के माध्यम से विनियमित कर्मचारियों को नियमित करने, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमितीकरण का लाभ देने, गंभीर रूप से बीमार कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने, लंबित एरियर्स का शीघ्र भुगतान करने तथा प्रतिनियुक्ति पर आए अधिकारियों-कर्मचारियों को उनके मूल विभाग में वापस भेजने की मांग की।

इसके अलावा वर्ष 2011 के आदेश के अनुसार नियमितीकरण का लाभ देने, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके आश्रित को दैनिक वेतन पर नियुक्त करने तथा कर्मचारियों की पेंशन शुरू करने सहित अन्य मांगें भी ज्ञापन में शामिल रहीं।

कार्यक्रम में साबिर खान, चैन सिंह चौहान, इरफान अल्ताफ, भारतीय मजदूर संघ से सोनू डागर एवं दिनेश करोशिया सहित संयुक्त मोर्चे के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने कर्मचारियों की मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि मांगों का समय-सीमा में निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *