देवरी कला में 29वें वर्ष की भव्य शोभायात्रा व वाहन रैली
देवरी कला-:प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर में कुशवाहा समाज द्वारा भगवान लवकुश की जयंती धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। यह आयोजन लगातार 29 वर्षों से किया जा रहा है। भगवान लवकुश की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें वाहन रैली में ट्रेक्टर ,फोर व्हीलर, व मोटरसाइकिले शामिल रही।
शोभायात्रा का शुभारंभ नयी कचहरी में विराजमान मां दुर्गा जी (माता मढ़िया) के मंदिर से हुआ। यहां हजारों की संख्या में कुशवाहा समाज के लोग एकत्रित हुए। गाजे-बाजे और वाहन रैली के साथ चल समारोह प्रारंभ हुआ। शोभायात्रा सहजपुर तिराहा, गन्नी तिराहा होते हुए नगर पालिका तिराहा पहुंची।
नगर पालिका तिराहा से होती हुई बस स्टैंड पहुंची जहां समाजसेवी संदीप (बबलू) सिनेमा वाले ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भगवान राम और लवकुश के जयकारे लगाए गए तथा पूजन-अर्चना किया। उसके बाद शोभायात्रा स्वामी विवेकानंद चौराहा पहुंची जहां वीरेंद्र लोधी सेमरा खेरी, अरविंद लोधी, व इन्द्राराज सिंह लोधी द्वारा का स्वागत किया गया
शोभायात्रा में कलश यात्रा, ढोल-नगाड़े, मनमोहक झांकियां, घोड़ा-बग्गी और वाहन रैली शामिल थीं। बच्चों को लव-कुश के रूप में सजाकर आकर्षक झांकियां तैयार की गईं, जो लोगों का विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं। जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
चल समारोह का समापन मंडी प्रांगण में हुआ। समापन के पश्चात भगवान लवकुश की महाआरती की गई और प्रसादी वितरण हुआ। इस अवसर पर कुशवाहा समाज के वरिष्ठ वक्ताओं ने श्रीराम के चरित्र का वर्णन किया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देवरी, केसली, गौरझामर, रहली तथा समस्त सागर जिले से आए कुशवाहा समाज के बंधु उपस्थित रहे।
