त्योहारी सीजन के साथ आम दिनों में भी बीना-भोपाल मेमो ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। भीड़ का आलम यह है कि ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन रही है।
यात्रियों का कहना है कि ट्रेन के गेट पर बड़ी संख्या में लोग खड़े रहते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को चढ़ने-उतरने में काफी परेशानी होती है। भीड़ के कारण कई बार यात्रियों को ट्रेन के अंदर जाने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रेन में नियमित टिकट जांच नहीं होने के कारण कई लोग बिना टिकट यात्रा करते हैं, जिससे भीड़ और अव्यवस्था बढ़ती है। यात्रियों का कहना है कि जीआरपी सहित संबंधित रेलवे अमले द्वारा नियमित चेकिंग और भीड़ प्रबंधन पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए यात्रियों ने रेलवे से मेमो ट्रेन में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, नियमित टिकट जांच और गेट पर खड़े यात्रियों को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
