मांग में वृद्धि के बीच निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों द्वारा रविवार को भी संचालन जारी

Spread the love

राष्ट्र एवं आमजन की चौबीसों घंटे सेवा के संकल्प के साथ सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियाँ — इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड — आज साप्ताहिक अवकाश दिवस रविवार होने के बावजूद अपने भंडारण केंद्रों एवं टर्मिनलों का संचालन निरंतर जारी रखे हुए हैं। यह पहल विभिन्न क्षेत्रों में ईंधन की मांग में तीव्र वृद्धि के बीच पेट्रोल, डीज़ल एवं रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु की गई है।

मध्य प्रदेश में ईंधन की सुचारु उपलब्धता बनाए रखने के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा इटारसी एवं रतलाम स्थित लोकेशन का संचालन किया गया, जबकि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा सागर एवं जबलपुर स्थित लोकेशन से संचालन कर आपूर्ति व्यवस्था को निरंतर बनाए रखा गया।

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियाँ लगातार भंडार की स्थिति की समीक्षा कर रही हैं तथा बढ़ी हुई मांग की स्थिति को प्रभावी ढंग से पूरा करने हेतु परिवहन एवं वितरण व्यवस्था के समन्वित संचालन पर विशेष ध्यान दे रही हैं।

आपूर्ति दल, परिवहन तंत्र, टर्मिनल संचालन एवं चयनित विक्रय केंद्र चौबीसों घंटे कार्यरत हैं, ताकि पेट्रोलियम उत्पादों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। यह व्यवस्था “हम सदैव आपके साथ हैं” की भावना को सार्थक रूप से प्रतिबिंबित करती है।

नागरिकों से अनुरोध है कि वे सामान्य खरीद व्यवहार बनाए रखें तथा अनावश्यक घबराहट में खरीदारी से बचें। उपभोक्ताओं से यह भी आग्रह किया जाता है कि ईंधन उपलब्धता संबंधी सही जानकारी हेतु केवल अधिकृत एजेंसियों एवं तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

(अजय कुमार श्रीवास्तव)
मुख्य महाप्रबंधक एवं राज्य प्रमुख,
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, मध्य प्रदेश राज्य कार्यालय
एवं राज्य स्तरीय समन्वयक

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *