जिला अभिभाषक संघ चुनाव: आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत, सचिव पद प्रत्याशी अनुराग दुबे ने मुख्य चुनाव अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

भोपाल: जिला अभिभाषक संघ, भोपाल के चुनाव 2026-28 के बीच सचिव पद के प्रत्याशी अधिवक्ता अनुराग दुबे ने मुख्य चुनाव अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि चुनाव आचार संहिता एवं चुनाव नियमों का उल्लंघन कर कुछ प्रत्याशियों का सार्वजनिक मंच से प्रचार किया गया।

शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई को भोपाल एडवोकेट म्यूजिकल ग्रुप द्वारा पॉलिटेक्निक चौराहे स्थित हिंदी भवन में आयोजित म्यूजिकल नाइट कार्यक्रम के दौरान कुछ चुनिंदा प्रत्याशियों के बैनर-पोस्टर लगाए गए तथा मंच पर स्थापित एलईडी स्क्रीन पर उनके फोटो एवं प्रचार सामग्री का बार-बार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।

अनुराग दुबे ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उक्त आयोजन के माध्यम से नामांकन संबंधी दिशा-निर्देशों के पॉइंट-19 तथा चुनाव आचार संहिता के नियम-6 का उल्लंघन हुआ है। उनका कहना है कि सार्वजनिक मंच से सीमित प्रत्याशियों का प्रचार कर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, जिससे अन्य प्रत्याशियों के लिए समान अवसर की भावना प्रभावित हुई।

शिकायत में मुख्य चुनाव अधिकारी से पूरे मामले की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्याशियों एवं संबंधित आयोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। साथ ही अनुरोध किया गया है कि भविष्य में किसी भी सार्वजनिक या सामूहिक कार्यक्रम का उपयोग चुनाव प्रचार के लिए न होने दिया जाए, जिससे सभी प्रत्याशियों के लिए समान एवं निष्पक्ष चुनावी वातावरण बना रहे।

अनुराग दुबे ने कहा कि वे स्वयं चुनाव आचार संहिता का पूर्ण पालन कर रहे हैं और चाहते हैं कि सभी प्रत्याशी भी निर्धारित नियमों का समान रूप से पालन करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई से चुनाव समिति की निष्पक्षता और अधिवक्ताओं का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *