नरसिंहपुर आमगांव बड़ा-: शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की घटती संख्या के बीच ग्राम पंचायत आमगांव बड़ा की शासकीय प्राथमिक शाला की छात्रा प्रतिज्ञा ठाकुर ने जवाहर नवोदय विद्यालय की चयन परीक्षा में सफलता हासिल कर गांव और विद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्रा की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से सफलता हासिल की जा सकती है।
स्वतंत्रता दिवस पर किया सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में छात्रा प्रतिज्ञा ठाकुर के नवोदय विद्यालय में चयन पर शाला परिवार एवं ग्रामीणों द्वारा उसका सम्मान किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उसका उत्साह बढ़ाया। प्रतिज्ञा की सफलता से शाला परिवार में खुशी का माहौल रहा।
शिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली सफलता
प्रतिज्ञा ने नियमित अध्ययन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर नवोदय विद्यालय की चयन परीक्षा में सफलता हासिल की। उसकी सफलता में प्रधानपाठक नवल किशोर शर्मा के मार्गदर्शन के साथ शिक्षिकाओं ममता गोलंदाज एवं अंजना आम्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिक्षकों द्वारा लगातार मार्गदर्शन और पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहन ने छात्रा की तैयारी को मजबूत आधार दिया।
सरकारी स्कूलों के लिए बनी प्रेरणा
प्रतिज्ञा की सफलता उन अभिभावकों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो बेहतर शिक्षा के लिए निजी विद्यालयों को ही प्राथमिकता देते हैं। आमगांव बड़ा की इस बेटी ने साबित किया है कि यदि बच्चों को उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर मिले तो शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।ग्रामीणों ने कहा कि प्रतिज्ञा ठाकुर का नवोदय विद्यालय में चयन पूरे गांव और शाला परिवार के लिए गर्व की बात है। उसकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
