भोपाल। वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक कृष्णमोहन झा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी नवप्रकाशित कृति ‘डॉ. मोहन भागवत संदेश’ की प्रति मुख्यमंत्री को भेंट करते हुए उन्हें पुस्तक के विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
प्रख्यात प्रकाशन संस्था मानक पब्लिकेशन, नई दिल्ली से प्रकाशित यह कृति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के विचारों, उनके राष्ट्रचिंतन, भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, अध्यात्म, सेवा, पर्यावरण, राष्ट्रनिर्माण और समकालीन विषयों पर उनके दृष्टिकोण को केंद्र में रखकर तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुस्तक के संबंध में लेखक से चर्चा की और विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति प्रदान की। पुस्तक के विमोचन का समारोह 11 सितंबर को मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर स्थित मानसरोवर सभागार, भोपाल में शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा।
कृष्णमोहन झा ने बताया कि ‘डॉ. मोहन भागवत संदेश’ केवल भाषणों का संकलन नहीं, बल्कि डॉ. भागवत के लंबे सार्वजनिक जीवन और उनके राष्ट्र एवं समाज संबंधी चिंतन को समझने का प्रयास है। पुस्तक में उनके विभिन्न अवसरों पर व्यक्त विचारों को विषयानुसार आलेखों के रूप में प्रस्तुत किया गया है, ताकि पाठक उनके विचारों की व्यापकता और अंतर्निहित दृष्टि को सहजता से समझ सकें।
उन्होंने कहा कि इस कृति की विशेषता यह भी है कि इसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डॉ. मोहन भागवत के जन्मदिवस पर व्यक्त किए गए विचारों को भी स्थान दिया गया है। इसके अलावा विभिन्न संतों, धर्मगुरुओं और सार्वजनिक जीवन की प्रमुख हस्तियों के *आशीर्वचन एवं अभिमतपुस्तक को विशेष गरिमा प्रदान करते हैं।
विमोचन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन प्रमुख डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। संत समाज, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों की सहभागिता भी प्रस्तावित है।
वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक कृष्णमोहन झा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की सौजन्य भेंट
