राजनीति में भी नए-नए ट्रेंड आए दिन इस्तेमाल किए जाते हैं… खासकर युवा नेता और उनसे जुड़े कार्यकर्ता अपने ‘भिया’ को रिझाने के लिए नवाचारों की झड़ी लगाते विशेष अवसरों पर नजर आ जाएंगे… हमारे इंदौर में आज 12 सितम्बर को काबिना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय का जन्मदिन है… इनकी ‘फैन फोलोइंग’ इतनी है कि कई दिनों पहले से बैनर-पोस्टर लटका दिए गए, तो सोशल मीडिया से लेकर मीडिया में भी ‘आकाश भिया’ के बधाई संदेशों की बाढ़-सी आ गई और इसे लेकर होड़-सी लगी है… इसी बीच कुछ ‘अर्थ सक्षम’ कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में महंगी एलईडी स्क्रीनें तक लगवा दीं… वैसे तो यह एलईडी स्क्रीन विशेष आकर्षण का केन्द्र हैं, जिसमें पल-पल तस्वीरें बदलने के साथ अन्य नयापन देखने को मिल जाएगा… दूसरी तरफ इस एलईडी स्क्रीन के प्रयोग ने उन कार्यकर्ताओं का मजा किरकिरा कर दिया, जिन्होंने नेताजी को रिझाने के लिए ‘बॉस’… ‘युवा ह्रदय सम्राट…’ आदि लिखे बैनर-पोस्टर टंगवाए थे… खासकर जहां ये स्क्रीनें लगी, वहां जैसे-तेसे जुगाड़ कर लगवाए गए इन बैनर-पोस्टर वालों को यह प्रयोग शायद अधिक खल रहा हो..?
क्या ‘गूंज’ के आगे पस्त हो पाता ‘बड्डे का हो-हल्ला’..?
वैसे तो इंदौर में कांग्रेस का छात्रों की गूंज कार्यक्रम अगल् हफ्ते यानी 19 सितम्बर को होना है… लेकिन इस कार्यक्रम को लेकर जहां ‘जमीनी माथापच्ची’ खूब हुई, तो शुरुआती जो खबर आई थी उसके मुताबिक यह कार्यक्रम आज यानी 12 सितम्बर 2026 को होना था, लेकिन अनेक अड़चनों के चलते इसे एक हफ्ते और बढ़ाना पड़ा… इस खबर के बाद एक सुगबुगाहट यह भी रही कि अच्छा रहा कि ‘गूंज…’ आगे बढ़ गई, नहीं तो ‘आकाश जी’ के ‘बड्डे का हो-हल्ला’ मीडिया-सोशल मीडिया पर ‘फीका’ पड़ने की संभावना प्रबल थी… खैर! इन्हीं सुगबुगाहटों के बीच हमारी ओर से भी ‘आकाश भिया’ को ‘हैप्पी बड्डे टू यू…!!!’
