दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम सम्पन्न
कौशल-आधारित बैज, कौशल बोध और माई करियर एडवाइजर ऐप (विद्यार्थी मित्र) के प्रभावी क्रियान्वयन पर आयोजित दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आज पं. सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान (पीएसएससीआईवीई), भोपाल में सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में लगभग 65 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
दूसरे दिन कौशल-आधारित शिक्षा एवं अनुभवात्मक अधिगम की समझ को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न संवादात्मक एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए। प्रातःकालीन सत्र प्रो. पंकज मेहता, प्रोफेसर एवं कार्यक्रम समन्वयक, डीएचएसएसईआर, पीएसएससीआईवीई द्वारा ‘कौशल-आधारित शिक्षा एवं 10 बैगलेस दिवस’ विषय पर लिया गया। इसके पश्चात राज्य पुरस्कार प्राप्त श्री धर्मेंद्र रोहर द्वारा बाँस कौशल पर व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए बाँस की राखियाँ तैयार कीं तथा पारंपरिक कौशल और रचनात्मक आजीविका-उन्मुख गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। इसके बाद प्रतिभागियों ने 3डी प्रिंटर एवं ड्रोन सिमुलेशन, ब्लॉक प्रिंटिंग, सीपीआर तथा प्राकृतिक खेती पर आधारित व्यावहारिक सत्रों में भाग लिया।
माई करियर एडवाइजर ऐप (विद्यार्थी मित्र) पर एक विशेष व्यावहारिक सत्र भी प्रो. पंकज मेहता द्वारा आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने ऐप का उपयोग करते हुए अपने व्यक्तिगत करियर प्रोफाइल तैयार किए तथा डिजिटल करियर मार्गदर्शन मंच के उपयोग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। समापन सत्र की शुरुआत प्रतिभागियों के फीडबैक से हुई। दो दिवसीय कार्यक्रम में प्रतिभागियों को वैचारिक समझ, डिजिटल अनुभव तथा व्यावहारिक कौशल प्रशिक्षण का समन्वित अवसर प्रदान किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था में कौशल बोध, कौशल-आधारित बैज, 10 बैगलेस दिवस तथा माई करियर एडवाइजर ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन को सुदृढ़ करना था।
