मुंबई : भारत के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक प्रीमियम बचत खाता ‘बॉब सीनियर सिटीज़न विशेष सम्मान’ (Bob Senior Citizen Vishesh Samman) पेश करने की घोषणा की है। 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के ग्राहकों के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया यह खाता न केवल बैंकिंग जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवनशैली को भी बेहतर बनाने पर केंद्रित है। बैंक की इस नई पेशकश का उद्देश्य ग्राहकों को स्वास्थ्य देखभाल लाभ, निःशुल्क डोरस्टेप बैंकिंग और प्रीमियम जीवनशैली सुविधाओं का एक अनूठा कॉम्बो प्रदान करना है।
इस खाते की सबसे बड़ी विशेषता इसके स्वास्थ्य और कल्याण (Health & Wellness) संबंधी लाभ हैं, जो ‘प्रैक्टो’ (Practo) के साथ साझेदारी के माध्यम से दिए जा रहे हैं। खाताधारकों को परिवार के छह सदस्यों तक के लिए निःशुल्क ऑनलाइन चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलेगी। साथ ही, दवाओं की ऑनलाइन खरीदारी पर 15% तक की छूट और पैथोलॉजिकल टेस्ट पर 20% तक की छूट भी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, बैंक ने ग्राहकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए हर महीने दो निःशुल्क डोरस्टेप बैंकिंग सेवाओं का प्रावधान किया है, जिससे वरिष्ठ नागरिक घर बैठे ही अपनी आवश्यक बैंकिंग गतिविधियां पूरी कर सकेंगे।
इस अवसर पर बैंक ऑफ़ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, डॉ. देबदत्त चांद ने कहा, “बैंक ऑफ़ बड़ौदा अपने वरिष्ठ नागरिक ग्राहकों को प्रीमियम और उपयोगी सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘बॉब सीनियर सिटीज़न विशेष सम्मान’ खाता केवल एक बैंकिंग उत्पाद नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य लाभ और जीवनशैली सुविधाओं का एक समावेशी समाधान है। यह पहल हमारे वरिष्ठ ग्राहकों के लिए बैंकिंग अनुभव को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाने की हमारी निरंतर कोशिश को दर्शाती है।”
इस प्रीमियम बचत खाते के साथ ग्राहकों को ‘बॉब भूमि रुपे सेलेक्ट डेबिट कार्ड’ निःशुल्क जारी किया जाएगा। इस कार्ड के माध्यम से ग्राहक स्वास्थ्य जांच, हवाई अड्डे के लाउंज एक्सेस (अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू), जिम सदस्यता, स्पा/सैलून सेवाओं और गोल्फ जैसे लाइफस्टाइल बेनिफिट्स का लाभ उठा सकते हैं। बैंकिंग लाभों की बात करें तो, इसमें रिवर्स मॉर्गेज ऋण के प्रोसेसिंग शुल्क में 50% की छूट, लॉकर के किराए में 20% की रियायत (₹500 तक) और NEFT व RTGS जैसे लेन-देन पूरी तरह से निःशुल्क रखे गए हैं। इसके अलावा, IMPS लेन-देन पर भी 50% की छूट दी गई है। यह विशेष प्रीमियम खाता उन ग्राहकों के लिए उपलब्ध है जो ₹1 लाख का मासिक औसत शेष (MAB) बनाए रखते हैं।
