1 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:00 बजे यह अत्यंत दुखद जानकारी प्राप्त हुई कि भोपाल में स्थित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जी की प्रतिमा की अनावरण पट्टिका / शिलालेख अज्ञात कारणों से गायब / चोरी हो गई है।
यह शिलालेख कोई साधारण पत्थर नहीं, बल्कि भोपाल के इतिहास का हिस्सा है। यह पट्टिका मध्यप्रदेश शासन, भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) द्वारा माननीय पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह जी के शासनकाल में, तत्कालीन BDA अध्यक्ष श्री पी.सी. शर्मा जी द्वारा दिनांक 15 सितंबर 1998 को स्थापित की गई थी। इस पट्टिका पर शहीद आजाद जी के साथ-साथ तत्कालीन गणमान्य अतिथियों के नाम अंकित हैं।
प्रथम दृष्टया यह घटना नगर निगम प्रशासन, अतिक्रमण शाखा, PWD विभाग एवं विकास कार्य में लगे संबंधित ठेकेदार की घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण हुई है। विकास कार्य के नाम पर शहीदों के सम्मान को मिटा देना, शहीदों का और देशभक्तों का सीधा अपमान है। आशंका है कि यह कृत्य भारतीय जनता पार्टी के दबाव में किया गया है।
कांग्रेस परिवार की मांग:
- इस मामले में तत्काल थाना टी.टी. नगर में अज्ञात अधिकारियों / ठेकेदारों के विरुद्ध चोरी और शहीदों का अपमान करने की धाराओं में FIR दर्ज की जाए।
- पुलिस प्रशासन 7 दिवस के भीतर उक्त ऐतिहासिक शिलालेख पट्टिका को खोजकर यथास्थान स्थापित करे और दोषियों पर देशद्रोह की धारा लगाए।
- यदि 7 दिन में प्रशासन पट्टिका को नहीं ढूंढ पाता है, तो शहीद चंद्रशेखर आजाद युवा मंच और कोलार कांग्रेस परिवार स्वयं अपने खर्चे से नई शिलालेख पट्टिका स्थापित करेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी और खर्च प्रशासन का होगा।
- यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
कल दोपहर 1:00 बजे थाना टी.टी. नगर, भोपाल में इस संबंध में लिखित शिकायत देकर FIR की मांग की जाएगी।
