प्रोजेक्ट के चालू होने पर अल्फा अल्टरनेटिव्स डीबीएल की 51% हिस्सेदारी पूरी तरह खरीदेगा
मुंबई: दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड (डीबीएल) ने कर्नाटक में निर्माणाधीन पावर ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट विकसित करने वाली विशेष प्रयोजन कंपनी (एसपीवी) मेखली पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड (एमपीटीएल) में अपनी हिस्सेदारी बेचने के लिए अल्फा अल्टरनेटिव्स के साथ अंतिम समझौते किए हैं। कंपनी के मुताबिक, यह सौदा डीबीएल के लिए मूल्य अनलॉक करने का अवसर प्रदान करेगा।
एमपीटीएल बेलगावी जिले में 400 केवी का सब-स्टेशन और करीब 470 सर्किट किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइनों का विकास कर रही है। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत करीब 2,171 करोड़ रुपये है।
समझौते के तहत डीबीएल और अल्फा अल्टरनेटिव्स परियोजना में इक्विटी निवेश 51:49 के अनुपात में करेंगे। कुल अनुमानित इक्विटी निवेश करीब 429 करोड़ रुपये है। परियोजना के चालू होने के बाद अल्फा अल्टरनेटिव्स डीबीएल की 51% इक्विटी हिस्सेदारी पूरी तरह खरीद लेगा। इस खरीद का मूल्य करीब 2,914 करोड़ रुपये के एंटरप्राइज वैल्यू पर आधारित होगा। इसमें पहले से तय क्लोजिंग एडजस्टमेंट और अन्य शर्तें लागू होंगी।
यह परियोजना कर्नाटक पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड के साथ ट्रांसमिशन सर्विस एग्रीमेंट के तहत बिल्ड-ओन-ऑपरेट-ट्रांसफर (BOOT) मॉडल पर विकसित की जा रही है। इसमें करीब 2028 के मध्य तक वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने का लक्ष्य है।
दिलीप बिल्डकॉन के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ देवेंद्र जैन ने कहा कि यह सौदा कंपनी की ‘डीबीएल 2.0’ यात्रा में महत्वपूर्ण पड़ाव है। कंपनी लंबी अवधि के अनुबंध वाले इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट्स पर आधारित मल्टी-एसेट प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि अल्फा अल्टरनेटिव्स के साथ साझेदारी से कंपनी प्रोजेक्ट के शुरुआती चरण में ही पूंजी को दोबारा इस्तेमाल कर सकेगी। साथ ही कंपनी का फोकस बैलेंस शीट मजबूत करने और अधिक एसेट-लाइट कारोबार बनाने पर बना रहेगा।
अल्फा अल्टरनेटिव्स के सीनियर पार्टनर एवं प्राइवेट मार्केट्स प्रमुख कौशल बियानी ने कहा कि यह सौदा दिलीप बिल्डकॉन की रणनीतिक साझेदारी और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में उसकी मजबूत परियोजना क्रियान्वयन क्षमता पर भरोसा दर्शाता है। कंपनी उच्च गुणवत्ता वाली और लंबी अवधि की इंफ्रास्ट्रक्चर परिसंपत्तियों में निवेश बढ़ाने के साथ भारत के पावर और रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्रों में मजबूत विकास संभावनाएं देखती है।
डीबीएल की अल्फा अल्टरनेटिव्स के साथ एसेट मोनेटाइजेशन साझेदारी तीन इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों—रोड और हाईवे, रिन्यूएबल एनर्जी तथा पावर ट्रांसमिशन—तक फैली हुई है। रोड पोर्टफोलियो को अनंतम हाईवे इनविट के जरिये ट्रांसफर किया गया है, जबकि डीबीएल के निर्माणाधीन सोलर पोर्टफोलियो और मेखली पावर ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट का मोनेटाइजेशन अल्फा अल्टरनेटिव्स के इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म के जरिये किया जा रहा है।
इस बीच डीबीएल के शेयर में तेज उछाल देखा गया। शेयर 439.70 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव 393 रुपये के मुकाबले करीब 12% की बढ़त है।
