चेन्नई : चार दशकों की रेसिंग उत्कृष्टता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए, टीवीएस रेसिंग ने आज ‘टीवीएस अपाचे रेसिंग एक्सपीरिएंस (एआरई) जीपी’ के पहले अंतरराष्ट्रीय सीजन के सफल समापन की घोषणा की है। जून 2025 से मार्च 2026 तक चले इस वैश्विक आयोजन ने भारत, मैक्सिको, कोलंबिया और नेपाल के 20 से अधिक शहरों में अपनी पहुंच बनाई, जिसमें 1100 से अधिक उत्साही प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सीजन का भव्य ग्रैंड फिनाले चेन्नई के प्रतिष्ठित मद्रास इंटरनेशनल सर्किट (MIC) में संपन्न हुआ, जहाँ 60 फाइनलिस्ट्स ने ट्रैक पर अपनी रफ्तार और कौशल का प्रदर्शन किया।
टीवीएस एआरई जीपी को एक समावेशी और प्रीमियम रेसिंग प्लेटफॉर्म के रूप में डिजाइन किया गया है, जो टीवीएस अपाचे के मालिकों को एक सुरक्षित और पेशेवर माहौल में प्रतिस्पर्धी रेसिंग का अनुभव प्रदान करता है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को टीवीएस रेसिंग चैंपियंस के मार्गदर्शन में ब्रेकिंग तकनीक, कॉर्नरिंग सटीकता, रेसिंग बॉडी लैंग्वेज और ट्रैक शिष्टाचार जैसे महत्वपूर्ण पहलू सिखाए जाते हैं। इस साल के आयोजन में विविधता पर विशेष जोर देते हुए पहली बार ‘वीमेन्स कैटेगरी’ के साथ-साथ मेन्स और एक्सपर्ट कैटेगरी को भी शामिल किया गया, जिससे विभिन्न स्तरों के राइडर्स को अपना हुनर निखारने का मौका मिला।
सफलतापूर्वक संपन्न हुए इस अंतरराष्ट्रीय सीजन पर बात करते हुए टीवीएस मोटर कंपनी के प्रीमियम बिजनेस हेड, विमल सुंबली ने कहा कि टीवीएस एआरई जीपी का विस्तार मोटरस्पोर्ट्स को विश्वस्तरीय और सुलभ बनाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि टीवीएस रेसिंग पिछले 40 वर्षों से भारत में रेसिंग संस्कृति को बढ़ावा दे रही है और इस तरह के प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से हम अगली पीढ़ी के रेसर्स के लिए एक संरचित मार्ग तैयार कर रहे हैं। 2007 में अपनी शुरुआत के बाद से यह प्लेटफॉर्म अब तक 4,000 से अधिक उपभोक्ताओं को पेशेवर रेसिंग की बारीकियों से जोड़ चुका है।
इस अंतरराष्ट्रीय विस्तार ने न केवल अपाचे ब्रांड के ‘रेसिंग डीएनए’ को वैश्विक मंच पर स्थापित किया है, बल्कि शौकिया राइडर्स को आत्मविश्वास से भरपूर और जिम्मेदार रेसर के रूप में विकसित होने में भी मदद की है। टीवीएस रेसिंग का लक्ष्य भविष्य में इस सिस्टम को और अधिक व्यापक बनाना है, ताकि दुनिया भर के बाइक प्रेमी एक नियंत्रित और पेशेवर वातावरण में मोटरस्पोर्ट्स के रोमांच का अनुभव कर सकें।
