- दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हुए हस्ताक्षर।
दिल्ली : गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप (GIG) ने दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) के साथ मिलकर रिंग रोड से नेताजी सुभाष प्लेस (NSP) मेट्रो स्टेशन तक के फ्लाईओवर खंड के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य उत्तर-पश्चिम दिल्ली के एक प्रमुख सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की दृश्य गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता में सुधार करना है।
रिंग रोड और रोहिणी एवं पीतमपुरा की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों के जंक्शन पर स्थित, NSP फ्लाईओवर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है। समय के साथ, फ्लाईओवर के नीचे के हिस्से और उससे सटे मिडियन अनुपयोगी हो गए थे और वहां अतिक्रमण एवं गंदगी की समस्या बढ़ रही थी। यह पहल दिल्ली सरकार के सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के व्यापक प्रयासों के अनुरूप एक नियोजित और नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण के माध्यम से इन चुनौतियों का समाधान करती है।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री, श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा, “फ्लाईओवर के नीचे खाली पड़े स्थानों का पुनरुद्धार दिल्ली के शहरी परिदृश्य और नागरिकों के दैनिक अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) हमें उपेक्षित बुनियादी ढांचे को स्थायी रूप से स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थानों में बदलने में सक्षम बनाती है। स्वच्छ और सुंदर दिल्ली के निर्माण के हमारे दृष्टिकोण के अनुरूप, मैं नेताजी सुभाष प्लेस फ्लाईओवर के रखरखाव में गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप जैसे कॉर्पोरेट भागीदारों की प्रतिबद्धता की सराहना करती हूँ।”
सौंदर्यीकरण के तहत कम ऊंचाई वाले और छाया में पनपने वाले पौधों (landscaping) को प्राथमिकता दी गई है ताकि विजिबिलिटी बनी रहे। साथ ही, पैदल चलने वालों और यातायात की सुरक्षा के लिए बेहतर लाइटिंग और पानी की बचत करने वाली सिंचाई प्रणालियों का उपयोग किया गया है। ये सभी कार्य दिल्ली सरकार के नियामक ढांचे के भीतर और संबंधित नागरिक निकायों के समन्वय से किए गए हैं।
गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के ग्रुप प्रेसिडेंट और हेड – कॉर्पोरेट अफेयर्स, राकेश स्वामी ने कहा, “गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देना हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है। पीडब्ल्यूडी, दिल्ली सरकार के साथ हमारी साझेदारी इस विश्वास को पुष्ट करती है कि सार्थक शहरी परिवर्तन सरकार और उद्योग के बीच जिम्मेदार सहयोग के माध्यम से ही संभव है। मुख्यमंत्री कार्यालय और पीडब्ल्यूडी मंत्री श्री प्रवेश साहब वर्मा एवं उनकी टीम के साथ मिलकर हमारा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर रहा है कि यह जीर्णोद्धार सार्वजनिक हित को केंद्र में रखते हुए दीर्घकालिक सार्वजनिक दृष्टिकोण के साथ किया जाए।”
NSP फ्लाईओवर का जीर्णोद्धार नागरिक अधिकारियों के साथ साझेदारी में सार्वजनिक स्थानों और शहरी बुनियादी ढांचे को सहायता प्रदान करने के गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के प्रयासों की एक और कड़ी है।
