हज-2027: अग्रिम हज राशि जमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त तक बढ़ी

Spread the love

भोपाल। हज कमेटी ऑफ इंडिया को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त जानकारी के अनुसार हज-2027 के लिए चयनित हज यात्रियों द्वारा अग्रिम हज राशि जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। इस संबंध में 10 अगस्त 2026 को जारी परिपत्र क्रमांक 06 के अनुसार अब अग्रिम हज राशि जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर 17 अगस्त 2026 कर दी गई है।
हज कमेटी ने बताया कि हज-2027 के लिए प्राविजनल रूप से चयनित प्रत्येक हज यात्री को 1,52,300 रुपये की अग्रिम हज राशि जमा करानी होगी। यह राशि हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट अथवा हज सुविधा ऐप के माध्यम से क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड एवं नेट बैंकिंग द्वारा जमा की जा सकती है। इसके अतिरिक्त स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी शाखा में निर्धारित ई-पेमेंट स्लिप के माध्यम से भी राशि जमा कराई जा सकती है।
हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि चयनित हज यात्रियों को निर्धारित अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 तक अग्रिम हज राशि जमा करना अनिवार्य है। राशि जमा करने से पूर्व बैंक रेफरेंस नंबर दर्ज करना आवश्यक होगा।
जिन यात्रियों ने शॉर्ट हज पैकेज का चयन किया है, उन्हें भी निर्धारित समय सीमा के भीतर अग्रिम राशि जमा करनी होगी। कमेटी ने चेतावनी दी है कि जो चयनित यात्री 17 अगस्त 2026 तक अग्रिम हज राशि जमा नहीं करेंगे, उनकी हज सीट बिना किसी अतिरिक्त सूचना के निरस्त (कैंसिल) कर दी जाएगी।
हज कमेटी ने यह भी बताया कि भुगतान रसीद एवं आवश्यक दस्तावेज जमा करने तथा आगामी प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *