जमनापुर परासिया के किसानों ने तहसीलदारऔर वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी को सौंपा ज्ञापन आवेदन, 72 घंटे में सर्वे कराने की मांग
देवरी कलां-: ग्राम जमनापुर परासिया क्षेत्र में 19 और 20 सितंबर की रात हुई तेज आंधी और अत्यधिक बारिश से मक्का की फसल को भारी नुकसान होने का मामला सामने आया है। प्रभावित किसानों ने तहसीलदार देवरी को सामूहिक आवेदन सौंपकर फसल नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।
आवेदन में किसानों ने बताया कि तेज हवाओं और बारिश के कारण खेतों में खड़ी मक्का की फसल जमीन पर बिछ गई है। लगातार बारिश के चलते खेतों में पानी जमा होने से मक्के के भुट्टे सड़ने लगे हैं। किसानों का कहना है कि समय रहते सर्वे और आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई तो फसल पूरी तरह खराब होने की आशंका है।
किसानों ने तहसीलदार से कृषि विभाग, राजस्व विभाग और एआईसी फसल बीमा कंपनी के मैदानी कर्मचारियों का संयुक्त सर्वे दल बनाकर 72 घंटे के भीतर प्रभावित खेतों का सर्वे कराने की मांग की है। साथ ही प्रत्येक प्रभावित किसान के खेत का अलग-अलग मौका पंचनामा बनाकर आरबीसी की धारा 6-4 के तहत फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की गई है।
आवेदन में फसल बीमा कराने वाले किसानों के खेतों का बीमा कंपनी के सर्वेयर से भी सर्वे कराकर बीमा क्लेम की राशि दिलाने की मांग की गई है। किसानों ने आवेदन के साथ अतिवृष्टि से फसल नुकसान की तस्वीरें भी संलग्न की हैं।
ज्ञापन देने वालो में ,विमल तिवारी,चंद्रभान तिवारी,शिवनंदन तिवारी,दिनेश चौबे,प्रतीस,सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
