हिंदू उत्सव समिति ने पेश किया सालभर का आय-व्यय

Spread the love

7.75 लाख रुपए खर्च, 4.48 लाख की हुई आय; ₹3.26 लाख का अंतर अध्यक्ष श्याम साहू ने स्वयं वहन किया

बैरसिया। मधुरम पैलेस बैरसिया में श्री हिंदू उत्सव समिति बैरसिया, संरक्षक मंडल एवं चयन समिति की आय-व्यय को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के संरक्षकगण, चयन समिति के सदस्य, कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं वरिष्ठजन मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत भगवान श्री गणेश एवं श्री श्री 1008 गुरु ब्रह्मचारी ठड़ेश्वरी महाराज जी के चित्र के समक्ष पूजा-अर्चना के साथ हुई।समिति के अध्यक्ष पत्रकार श्याम साहू एवं पदाधिकारियों ने उपस्थित संरक्षकगण, चयन समिति के सदस्यों एवं वरिष्ठजनों का स्वागत-सत्कार किया। इसके बाद चयन समिति के संयोजक राधेश्याम सोमानी एवं पंकज गट्टानी ने चयन समिति तथा कार्यालय से संबंधित खर्च का हिसाब प्रस्तुत किया।

लिखित एवं मौखिक रूप में प्रस्तुत किया आय-व्यय का ब्यौरा

हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष पत्रकार श्याम साहू ने वर्ष 2025-26 में समिति द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों का विस्तृत आय-व्यय का ब्यौरा लिखित एवं मौखिक रूप में संरक्षक एवं चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रस्तुत विवरण के अनुसार वर्षभर में विभिन्न आयोजनों पर कुल 7,75,607 रुपए खर्च हुए, जबकि दानदाताओं एवं सहयोगियों से चंदे के रूप में 4,48,668 रुपए की राशि प्राप्त हुई।आय और खर्च के बीच 3,26,939 रुपए का अंतर रहा। अध्यक्ष श्याम साहू ने बताया कि इस अंतर की पूरी राशि उन्होंने स्वयं वहन की। इसके अलावा वर्षभर के छोटे-बड़े धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में स्वागत-सत्कार तथा अन्य व्यवस्थाओं में भी उनके द्वारा व्यक्तिगत रूप से सहयोग किया गया।

धार्मिक आयोजनों में किए गए कई नवाचार

समिति द्वारा वर्षभर आयोजित कार्यक्रमों में कई नए प्रयोग किए गए। श्री दुर्गा विसर्जन चल समारोह में पहली बार महिलाओं द्वारा स्वागत-सत्कार के साथ आर्केस्ट्रा एवं भजन संध्या आयोजित की गई। शरद पूर्णिमा महोत्सव में विधायक एवं पूर्व विधायक के आतिथ्य में महाआरती और खीर प्रसाद वितरण हुआ।शिवरात्रि महोत्सव में नवाचार हल्दी मेहंदी कार्यक्रम,ढपला रमतुल्ला पार्टी,किन्नर नृत्य, चार ट्राले एवं दो रथो पर जबलपुर सागर भोपाल एवं बैरसिया के कलाकारों की प्रस्तुतियां एवं विभिन्न व्यवस्थाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। गुरु ब्रह्मचारी ठड़ेश्वरी महाराज जयंती पर चलित ट्राले पर देशराज नरवरिया भजन कार्यक्रम, शहनाई पार्टी सागर तथा तीन ट्रालो एवं पांच रथो पर विभिन्न धार्मिक झांकियां निकाली गईं। रंग पंचमी महोत्सव में परी म्यूजिकल ग्रुप द्वारा मथुरा की लठमार होली, देसी फाग एवं किन्नर नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं।वहीं श्री हनुमान जयंती महोत्सव में जगदीश बैंड प्रस्तुति, हनुमान जी की झांकीया , पांच डीजे एवं 4 ट्रालों के साथ विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

पारदर्शिता के साथ प्रस्तुत किया हिसाब

बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्षभर के कार्यक्रमों का आय-व्यय चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाना समिति की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता को दर्शाता है।बैठक में समिति के संरक्षक पूर्व विधायक भक्तपाल सिंह राठौड़, पूर्व विधायक एवं संरक्षक जोधाराम गुर्जर, संरक्षक बटनलाल साहू, संरक्षक राजमल गुप्ता सहित चयन समिति के सदस्य, कार्यकारिणी पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *