पीएम श्री कन्या विद्यालय में लायंस क्लब बैरसिया ने किया करीब 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान

Spread the love

गुरु वंदना की प्रस्तुति देने वाली छात्रा रोशनी नायक को 10 हजार रुपए देने की घोषणा

समर्थ सहारा श्याम साहू बैरसिया।। शिक्षक दिवस के अवसर पर सरोजनी नायडू पीएम श्री कन्या विद्यालय, बैरसिया में लायंस क्लब बैरसिया की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री रहे। समारोह में विद्यालय के करीब 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गीता जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

13 वर्षों से स्कूल को समर्पित शिक्षक का विशेष सम्मान

समारोह में पीएम श्री स्कूल को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ शिक्षक दिनेश शुक्ला को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बताया गया कि शुक्ला पिछले 13 वर्षों से विद्यालय के प्रति पूरी तरह समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं और उन्होंने ग्रीष्म अवकाश तक नहीं लिया। विधायक विष्णु खत्री ने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
इसके अलावा देवेन्द्र पचौरी, रामगोपाल शर्मा, लता श्रीवास्तव सहित विद्यालय के करीब 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया।

गुरु वंदना की प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्रा रोशनी नायक ने गुरु वंदना की शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। उसकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर विधायक विष्णु खत्री ने उसे 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

विधायक बोले- लक्ष्य तय कर चुनौतियों का करेंसामना

मुख्य अतिथि विधायक विष्णु खत्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित करें, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और आने वाली चुनौतियों का दृढ़ता एवं आत्मविश्वास के साथ सामना करें।
उन्होंने सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से युवाओं को भ्रमित करने वाली शक्तियों के प्रति भी सजग रहने की बात कही। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में भी आगे बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि आज की बेटियां देश के भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं। अच्छी शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन मिलने पर बेटियां जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं

लायंस क्लब पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन लायन दीपक दुबे ने किया। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा और समाज निर्माण में शिक्षकों के योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में लायंस क्लब बैरसिया के अध्यक्ष लायन मनोहर लाहोटी ने अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में लायन ओमप्रकाश गुप्ता, लायन अमरजीत सिंह गाँधी एवं लायन वीरेंद्र जैन सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान विद्यालय का वातावरण गुरुजनों के सम्मान और छात्राओं के उत्साह से सराबोर रहा।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *