वायरल वीडियो ने बदला मारपीट का पूरा घटनाक्रम, महिला ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र में दीवार को लेकर हुए विवाद और मारपीट के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। एक तरफ राजा और उसके परिवार की ओर से आरोप लगाया गया था कि घर में घुसकर पुरुषों और महिलाओं के साथ धारदार हथियारों से हमला किया गया। वहीं, दूसरी ओर इस मामले में फरियादी मनीषा ने भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अपना पक्ष रखा है।
मनीषा का कहना है कि विवाद की शुरुआत एक दीवार को लेकर हुई थी। इसी दौरान उसके 17 वर्षीय बेटे के साथ कथित रूप से मारपीट की गई और उसे धारदार हथियार से चोट पहुंचाई गई। बेटे के साथ हुई मारपीट की जानकारी मिलने पर मनीषा शिकायत करने मौके पर पहुंची, लेकिन उसका आरोप है कि वहां मौजूद राजा और उसके परिवार की महिलाओं ने उसके साथ भी गंभीर रूप से मारपीट की।
घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला के साथ सड़क पर कथित रूप से मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर दोनों पक्षों के आरोपों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मनीषा ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। अब पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की वास्तविक शुरुआत कैसे हुई और मारपीट में किसकी क्या भूमिका रही।
