सीहोर: वीआईटी भोपाल यूनिवर्सिटी द्वारा 3 अक्टूबर 2026 को अपने 7वें वार्षिक दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य समारोह में भारतीय सेना के 30वें थल सेना अध्यक्ष और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के आर्किटेक्ट रहे जनरल उपेंद्र द्विवेदी (रिटायर्ड) मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं, इन-स्पेस (IN-SPACe) के प्रमोशन डायरेक्टरेट के निदेशक डॉ. विनोद कुमार विशिष्ट अतिथि (गेस्ट ऑफ ऑनर) के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह समारोह चांसलर डॉ. जी. विश्वनाथन, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. शंकर विश्वनाथन और वाइस चांसलर प्रो. सतीश कुमार मोढ़ के नेतृत्व में संपन्न होगा।
इस 7वें दीक्षांत समारोह में इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट और आर्किटेक्चर जैसे विभिन्न विषयों के कुल 3,571 पास आउट छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 2,978 अंडरग्रेजुएट, 392 पोस्टग्रेजुएट, 38 पीएचडी स्कॉलर्स तथा पिछले वर्ष के 163 छात्र शामिल हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 35 रैंक होल्डर्स और 21 मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मध्य प्रदेश के ग्रामीण व वंचित पृष्ठभूमि के सरकारी स्कूल टॉपर्स को मुफ्त शिक्षा प्रदान करने वाली यूनिवर्सिटी की ‘स्टार्स’ (STARS) योजना के तहत 27 मेधावी छात्रों की सफलता का विशेष जश्न मनाया जाएगा।
दीक्षांत समारोह के लिए एक पारंपरिक ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है, जिसके तहत छात्रों के लिए क्रीम रंग का कुर्ता व सफेद पाजामा और छात्राओं के लिए क्रीम रंग का कुर्ता व सफेद चूड़ीदार या गोल्डन बॉर्डर वाली ऑफ-व्हाइट साड़ी तय की गई है।
