एक्सिस फाइनेंस ने जुटाए ₹2,250 करोड़; केदारा कैपिटल के निवेश से मिलेगी विकास को नई रफ्तार

Spread the love

मुंबई : एक्सिस बैंक की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, एक्सिस फाइनेंस लिमिटेड (AFL) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कुल ₹2,250 करोड़ की प्राथमिक पूंजी जुटाने की घोषणा की है। इस प्रक्रिया में कंपनी ने केदारा कैपिटल से ‘प्रेफरेंशियल इश्यू’ के माध्यम से ₹750 करोड़ जुटाए हैं, जबकि ₹1,500 करोड़ का ‘राइट्स इश्यू’ एक्सिस बैंक द्वारा अनुमोदित किया गया है। एक्सिस फाइनेंस के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी प्राथमिक पूंजी वृद्धि है। साथ ही, यह पहला मौका है जब कंपनी ने किसी बाहरी निवेशक (केदारा कैपिटल) को अपने साथ जोड़ा है, जो नियामक अनुमोदन के अधीन है।

यह निवेश कंपनी की टियर 1 कैपिटल और पूंजी पर्याप्तता (CRAR) को मजबूती प्रदान करेगा, जिससे एक्सिस फाइनेंस के विकास के अगले चरण को गति मिलेगी। वर्तमान में कंपनी रिटेल, एमएसएमई और होलसेल सेगमेंट की ऋण आवश्यकताओं को पूरा करने पर केंद्रित है। इस अतिरिक्त पूंजी के साथ, कंपनी का लक्ष्य भारत के व्यवसायों के लिए पसंदीदा फाइनेंसर बनने और एमएसएमई-केंद्रित ऋण बाजार में अपनी स्थिति को और अधिक सुदृढ़ करने का है। सुरक्षित और असुरक्षित ऋण दोनों क्षेत्रों में अपनी मजबूत पकड़ के कारण कंपनी एक अग्रणी और विविध ऋण प्लेटफॉर्म बनने की दिशा में अग्रसर है।

इस साझेदारी पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्सिस बैंक के एमडी एंड सीईओ अमिताभ चौधरी ने कहा कि एक्सिस फाइनेंस ने अनुशासित जोखिम प्रबंधन के आधार पर एक उच्च गुणवत्ता वाला ऋण व्यवसाय विकसित किया है, और यह पूंजी निवेश एक्सिस ग्रुप की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं, एक्सिस फाइनेंस के एमडी एंड सीईओ साई गिरिधर ने बताया कि यह वृद्धि उन्हें लक्षित और संतुलित तरीके से अपने विस्तार को तेज करने की क्षमता देगी। केदारा कैपिटल के फाउंडर एंड मैनेजिंग पार्टनर सुनीश शर्मा ने भी कंपनी के साथ साझेदारी पर उत्साह जताते हुए कहा कि वे भारत के ऋण बाजार के अवसरों का लाभ उठाने में एक्सिस फाइनेंस के अगले विकास चरण में पूरा समर्थन देने के लिए तैयार हैं।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *