गुरुग्राम : पंजाब के औद्योगिक केंद्र लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए हवाई यात्रा अब और भी सुगम होने जा रही है। एअर इंडिया ने हलवारा (लुधियाना) को अपने नेटवर्क में नए गंतव्य के रूप में शामिल करने की घोषणा की है, जिससे वह इस क्षेत्र के लिए उड़ानें शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बन गई है। 15 मई 2026 से एअर इंडिया अपने A320 फैमिली विमानों के जरिए दिल्ली और हलवारा के बीच रोजाना दो सीधी उड़ानों का संचालन शुरू करेगी।
इन उड़ानों का शेड्यूल इस तरह से तैयार किया गया है कि यात्रियों को दिल्ली के रास्ते एअर इंडिया की लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ‘सेम-डे कनेक्टिविटी’ मिल सके। अब हलवारा और लुधियाना के यात्री एक ही टिकट पर दिल्ली पहुँचकर उसी टर्मिनल से लंदन, बर्मिंघम, रोम, मिलान और पेरिस जैसे प्रमुख यूरोपीय शहरों के लिए अगली उड़ान ले सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए उनका बैगेज सीधे उनके अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक पहुँचाया जाएगा।
इस विस्तार पर टिप्पणी करते हुए एअर इंडिया के चीफ कमर्शियल ऑफिसर निपुण अग्रवाल ने कहा कि लुधियाना को नेटवर्क में शामिल करना पंजाब के यात्रियों के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा को सरल और सहज बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने खुशी जाहिर की कि अब इस क्षेत्र के लोग दिल्ली के माध्यम से कई महाद्वीपों की यात्रा आसानी से कर सकेंगे। हलवारा के लिए इन उड़ानों की बुकिंग एअर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल एजेंट्स सहित सभी चैनलों पर शुरू हो चुकी है।
