वाहन चालकों को रात में दिखेंगे, हादसे रोकने में मिलेगी मदद
देवरीकलां। सागर जिले के ग्राम गौरझामर मे सड़क पर गौवंश के हताहत होने और वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में गौवंश को रेडियम बेल्ट पहनाने का अभियान मुहिम का रूप लेता जा रहा है।
ग्राम पूजन पुण्य दल लुहारी के सदस्यों ने इस मुहिम की शुरुआत की है। बीते 3 दिनों से गौरझामर क्षेत्र के मुख्य मार्गों और गांवों में गौवंश को रेडियम बेल्ट पहनाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के साथ-साथ शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह अभियान लगातार जारी है।
पूजन दल के सदस्यों ने बताया कि जो भी व्यक्ति गौवंश को बेल्ट पहनाने के लिए तैयार है, उसे 4 दिन के अंदर बेल्ट उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इस कार्य में गौसेवकों, गौभक्तों और वाहन चालकों का सहयोग मिल रहा है।
अधिकारियों ने भी इस पहल की सराहना की है। मध्यप्रदेश के आई.आर.एस. अधिकारी अनूप जैन लुहारी और सागर परिवहन विभाग में कार्यरत मुकेश जैन नन्हीदेवरी ने सभी सेवाभावी कार्यकर्ताओं के इस कार्य को सराहनीय कदम बताया।
रात के समय रेडियम बेल्ट दूर से ही दिखाई देने के कारण वाहन चालकों को गौवंश की उपस्थिति का पहले से पता चल जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
