भोपाल। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने और जनहित से जुड़ी बेहतरीन खबरों के प्रकाशन के लिए पत्रकार पृथ्वीराज सिंह को नगर पालिका निगम भोपाल की ओर से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह 25 अगस्त 2026 को भोपाल में आयोजित किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
भोपाल के मानस भवन में आयोजित सम्मान समारोह में समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों, अच्छे अंकों से परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शहर की कई प्रमुख हस्तियों ने विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, विधायक भगवानदास सबनानी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताया। पत्रकार पृथ्वीराज सिंह को पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा प्रभावी एवं बेहतरीन खबरों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद पृथ्वीराज सिंह ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव का विषय है और उन्हें भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ पत्रकारिता करने की प्रेरणा देगा।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरों को लोगों तक पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सामने लाकर सकारात्मक बदलाव की दिशा में योगदान देना भी है। उन्होंने इस सम्मान के लिए नगर पालिका निगम भोपाल और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पत्रकार पृथ्वीराज सिंह हुए सम्मानित
