देवरीकला-: नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में नगर पालिका द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सीएमओ मनोहर विंझवार के निर्देशन में स्वच्छता अभियान के तहत सहजपुर तिराहे स्थित फव्वारे एवं हाईमास्ट लाइट को पुनः चालू कर दिया गया है।
लंबे समय से बंद पड़े फव्वारे के शुरू होने से तिराहे की सुंदरता में चार चांद लग गए हैं,वहीं रात्रि के समय हाईमास्ट लाइट जलने से पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा है।नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण न केवल शहर की पहचान को बेहतर बनाता है,बल्कि आने-जाने वाले लोगों पर भी सकारात्मक प्रभाव छोड़ता है। शाम के समय फव्वारे के संचालन से तिराहा आकर्षण का केंद्र बन गया है।नगर पालिका जल प्रदाय प्रभारी मनोज गुरु का कहना है कि स्वच्छता अभियान के साथ-साथ शहर के प्रमुख चौराहों,उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का कार्य आगे भी जारी रहेगा,ताकि देवरी को स्वच्छ,सुंदर और व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित किया जा सके।इस दौरान मुकेश नामदेव,देवेन्द्र झिरा,मनीष बाल्मीकि,गुलाब पटेल सहित नगरपालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे!
