मणिनागेंद्र सिंह सैनिक स्कूल के प्रथम शैक्षणिक सत्र का 28 जून को होगा भव्य शुभारंभ, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के जन्मदिवस पर विकास एवं जनसेवा के कई कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

गोटेगांव-:पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा संचालित मणिनागेंद्र सिंह सैनिक स्कूल के प्रथम शैक्षणिक सत्र 2026-27 का भव्य शुभारंभ 28 जून को किया जाएगा। यह आयोजन मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। पूरे दिन शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा एवं विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम संपन्न होंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे नोनी करेली सिद्ध घाट पर मां नर्मदा पूजन से होगी। इसके बाद “प्लस पॉलीथिन अभियान” के अंतर्गत पांच वर्ष तक के बच्चों को प्लस पॉलीथिन का वितरण किया जाएगा तथा सामूहिक रूप से “मन की बात” कार्यक्रम का श्रवण कराया जाएगा।
दोपहर 12:30 बजे मणिनागेंद्र सिंह सैनिक स्कूल परिसर में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा फीता काटकर विद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत होगी और क्षेत्र के विद्यार्थियों को अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल ने बताया कि मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर 666 पौधों का वृहद पौधरोपण भी किया जाएगा। साथ ही गोटेगांव में विधायक कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जनसमस्याओं के निराकरण एवं जनप्रतिनिधियों से संपर्क में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बरमान घाट में 20 आधुनिक बायोटॉयलेट का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोटेगांव में मरीजों को फल वितरण कर सेवा कार्य भी किया जाएगा।
दोपहर 3 बजे नरसिंहपुर के संजय वार्ड स्थित कलेक्टर बंगले के पीछे मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा निर्मित मणिनागेंद्र सिंह आयरन पुल का लोकार्पण मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा किया जाएगा। इस पुल के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा और विकास कार्यों को समर्पित रहेगा तथा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *